ब्राह्मण युवा शक्ति संघ ने विभिन्न जिलों के प्रभारी किए घोषित, 15 नवंबर तक जिला संयोजक मंडली गठन का निर्देश

जमशेदपुर। ब्राह्मण समाज को संगठित, सशक्त और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाने के उद्देश्य से ब्राह्मण युवा शक्ति संघ (पंजीकृत) ने झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की घोषणा की है। सभी नवनियुक्त प्रभारियों को 15 नवंबर तक अपने-अपने जिलों में जिला संयोजक मंडली का गठन कर लोकतांत्रिक चुनाव की तिथि निर्धारित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
संघ के अनुसार सरायकेला-खरसावां के प्रभारी निर्मल दीक्षित एवं विजय पाठक, बोकारो एवं धनबाद के अभिषेक ओझा एवं दिलीप पांडे, रांची के अरुण शुक्ला एवं रणजीत झा तथा हजारीबाग के अप्पू तिवारी एवं संतोष जोशी बनाए गए हैं।
इसी तरह गढ़वा में अंकित आनंद एवं पवन ओझा, पलामू में सूरज ओझा एवं सुशील पांडेय, चक्रधरपुर में कमलेश दुबे एवं पप्पू मिश्रा तथा गुमला में राजेश त्रिपाठी एवं हृतिक चौबे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जमशेदपुर में सुनील शर्मा एवं ध्रुव मिश्रा जिला प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
संघ के संयोजक अप्पू तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पद बांटना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से नेतृत्व तैयार करना है। जिला स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों की सहभागिता से प्रदेश स्तरीय कमिटी का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार, सेवा, स्वाभिमान और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग को प्राथमिकता देगा। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को संगठनात्मक स्तर पर सहयोग देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
बैठक में आगामी भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव को प्रदेश स्तरीय स्वरूप में भव्य तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभी जिला इकाइयों से अभी से इसकी तैयारी शुरू करने और अधिक से अधिक समाज के लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।
अप्पू तिवारी ने कहा कि संगठन में व्यक्ति से बड़ा समाज और पद से बड़ा दायित्व है। संघ का संकल्प लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से ब्राह्मण समाज को एक सूत्र में जोड़ना और नई पीढ़ी को सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।




