*72 घंटे में पुलिस से फरार आरोपी गिरफ्तार, हथकड़ी और रस्सा बरामद*

चाईबासा: किरीबुरू थाना पुलिस ने पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी अफताब खाना उर्फ टेंगर को घटना के 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी, कटा हुआ रस्सा और एक लोहे का संबंल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को किरीबुरू थाना कांड संख्या 15/26 में पूछताछ के लिए मैन मार्केट किरीबुरू निवासी अफताब खाना उर्फ टेंगर (19), पिता जमीर हुसैन को थाना लाया गया था। पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर हाथ में लगी हथकड़ी और रस्सी के साथ थाना से फरार हो गया था। घटना के संबंध में किरीबुरू थाना कांड संख्या 16/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 को धारा 262, 303(2) बीएनएस एवं लोक संपत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू बिनित कुमार किन्डो के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के अंदर आरोपी अफताब खाना उर्फ टेंगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी, कटा हुआ रस्सा और करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का संबंल बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी अफताब खाना उर्फ टेंगर, उम्र 19 वर्ष, पिता जमीर हुसैन, मैन मार्केट किरीबुरू, थाना किरीबुरू, जिला पश्चिमी सिंहभूम का रहने वाला है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू बिनित कुमार किन्डो, पुलिस निरीक्षक किरीबुरू अंचल समीर तिर्की, थाना प्रभारी किरीबुरू रोहित कुमार, थाना प्रभारी किरीबुरू नितिश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक पियूष नाग, पुलिस अवर निरीक्षक जितैन्द्र कुमार तथा किरीबुरू थाना, गुवा थाना और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।




