कोल्हान

तिल्ला में RTI कार्यकर्ता संघ की समीक्षा बैठक, गांव-गांव तक अधिकारों की जानकारी पहुंचाने का संकल्प

चांडिल। नीमडीह प्रखंड के तिल्ला पंचायत भवन परिसर में रविवार को RTI कार्यकर्ता संघ, नीमडीह प्रखंड कमिटी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सुसेन गोप ने की। इस दौरान आगामी 12 अक्टूबर को जमशेदपुर में आयोजित होने वाले RTI दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही संगठन को प्रखंड से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सदस्यों ने बताया कि 12 अक्टूबर 2005 को सूचना का अधिकार अधिनियम लागू हुआ था, जिसके उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 12 अक्टूबर को RTI दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर आम लोगों को सूचना के अधिकार के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त करने के लिए RTI के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया गया।

सदस्यों ने कहा कि सूचना का अधिकार आम नागरिकों को शासन-प्रशासन से जवाब मांगने का एक महत्वपूर्ण माध्यम उपलब्ध कराता है। संगठन के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं, आगामी केंद्रीय कार्यक्रम में नीमडीह प्रखंड कमिटी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर सदस्यों के बीच जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

बैठक में तिल्ला पंचायत के मुखिया पति सुरेश मांझी, प्रखंड अध्यक्ष राधेश्याम कर्मकार, उपाध्यक्ष नीलकमल गोप, पवित्र महतो, दीनबंधु गोप, देवाशीष प्रमाणिक, अभिराम महतो, समीर महतो समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!