आनंदपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी सेविका सम्मानित, बच्चों में टॉफी वितरित

मनोहरपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को आनंदपुर प्रखंड के तेतुलडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका रानी महतो को सम्मानित किया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों के बीच टॉफी का वितरण कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में आनंदपुर मंडल अध्यक्ष उमेश रवानी ने आंगनबाड़ी सेविका रानी महतो को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं जमीनी स्तर पर बच्चों और परिवारों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनके योगदान को सम्मान देना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच टॉफी वितरित की गई। इससे बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला।
मौके पर आनंदपुर मंडल महामंत्री सुजीत महतो, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष रुधीर महतो, अमृत साहू, संजीव गणताईत, सीताराम महतो सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




