कोल्हान

*एलबीएसएम कॉलेज के विद्यार्थियों ने सुधा डेयरी उद्योग का किया शैक्षणिक भ्रमण* 

जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज के कॉमर्स विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत गमहरिया स्थित सुधा डेयरी उद्योग का भ्रमण किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को भ्रमण के लिए रवाना किया। विद्यार्थियों का नेतृत्व कॉमर्स विभाग के प्रोफेसर बिनोद कुमार एवं डॉ. रानी ने किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सुधा डेयरी उद्योग में ह्यूमन रिसोर्स (एचआर), मार्केटिंग, सीएसआर, अकाउंट, प्रोडक्ट पैकेजिंग सहित विभिन्न कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। सुधा डेयरी की एचआर हेड प्रिया ने विद्यार्थियों को डेयरी के विभिन्न उत्पादों और उनके उत्पादन एवं वितरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

प्रिया ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों और दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दूध प्राप्त किया जाता है। इसके बाद दूध का प्रसंस्करण और पैकेजिंग कर बाजार में विभिन्न उत्पादों की आपूर्ति की जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग में एचआर, मार्केटिंग, अकाउंट और अन्य क्षेत्रों में होने वाले कार्यों की भी जानकारी दी।

इस दौरान सुधा डेयरी की एचआर हेड प्रिया ने नई शिक्षा नीति के सिलेबस के अनुसार विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर देने का प्रस्ताव भी दिया। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थी व्यावहारिक ज्ञान और अपने कौशल का विकास कर सकते हैं, जिससे उन्हें आगे रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

कॉमर्स विभाग की ओर से इससे पहले भी बिजनेस क्विज और कॉमर्स फेयर का आयोजन किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्लेसमेंट और स्वरोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में पहल की गई है। प्रोफेसर बिनोद कुमार ने सुधा डेयरी का शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए काफी लाभदायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ी गई जानकारी को वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़कर समझने का अवसर मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!