कोल्हान

*स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनें महिलाएं, मिलकर बदलें गांव की तस्वीर : जोबा माझी* 

चाईबासा: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में आसनतलिया आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा सोनुवा के बेगुना ग्राम में आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। संकुल की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इसके बाद जोबा माझी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

आमसभा में समिति की सदस्यों ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया और आगामी कार्ययोजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। महिलाओं ने नशापान, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाला नाटक भी प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका के विभिन्न साधनों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। महिलाओं के आर्थिक रूप से मजबूत होने से परिवार और समाज भी मजबूत होगा। उन्होंने महिलाओं से एक-दूसरे का सहयोग करने और समूह के माध्यम से आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गांवों में नशामुक्ति के लिए सामूहिक अभियान चलाने की जरूरत है। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बीमारी या सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत चिकित्सक या अस्पताल की मदद लेनी चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन सुनीता टोपनो ने किया। मौके पर जिला परिषद सदस्य सुहागी मुर्मू, आसानतलिया पंचायत की मुखिया सुप्रिया बोदरा, देवांवीर की मुखिया ज्योति सोय, पंसस जानकी चाकी, बीपीएम गोल्डन शशि कैप्टन, बीओआई गोविंदपुर के शाखा प्रबंधक सचिन मुंडारी, पुनीपदा के ग्राम मुंडा शंकर लाल प्रधान, राजेश प्रधान, किशोर दास, समिति की कैडर सावित्री प्रधान, संगीता जामुदा, दुर्गावती खंडाईत, जेमा खंडाईत, सुजीता खंडाईत, मांदुई जामुदा, राजेश कुजूर, बसंती कोड़ा, रेजा देवी, संयुक्ता नायक, मंजूलता महतो, अमरजीत महतो समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!