चाईबासा के लातारसिका में छह अवैध महुआ शराब भट्टियां ध्वस्त, 2400 किलो जावा महुआ नष्ट
उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सात लीटर तैयार महुआ शराब भी किया गया नष्ट

चाईबासा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लातारसिका गांव में अवैध महुआ शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित करीब छह महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी नष्ट किया गया। अभियान का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने किया। टीम को लातारसिका गांव में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने संबंधित स्थानों पर संयुक्त रूप से छापामारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 2400 किलोग्राम जावा महुआ बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि करीब सात लीटर तैयार महुआ शराब भी नष्ट की गई। टीम ने शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही करीब छह भट्टियों को ध्वस्त करने के साथ अन्य उपकरणों को भी नष्ट कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की सूचना मिलने पर आगे भी संयुक्त रूप से छापामारी अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस एवं उत्पाद विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण पर रोक लगाना तथा इससे जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है।




