कोल्हान

*भालू के हमले में घायल प्रधान लागुरी की इलाज के दौरान मौत* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बलांडिया गांव निवासी 55 वर्षीय प्रधान लागुरी की जंगली भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत शनिवार की शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई। रविवार को सदर अस्पताल चाईबासा स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पुत्र सुनील लागुरी ने सदर अस्पताल में बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में शौच के लिए गए थे। शौच के बाद वापस लौटने के दौरान जंगल के पास सड़क पर उनकी साइकिल की चेन उतर गई। प्रधान लागुरी साइकिल की चेन लगा रहे थे, तभी पीछे से एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में कुमारडूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। परिजन करीब दो बजे उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान आज शनिवार को शाम करीब 5:30 बजे उनकी मौत हो गई।

सुनील लागुरी ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की जानकारी विभाग को उसी दिन दे दी गई थी। रेंजर ने कहा था कि वह बाहर हैं और वन विभाग के कर्मचारी परिजनों से मिलेंगे, लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा है।

सुनील लागुरी ने प्रशासन और वन विभाग से परिवार को मुआवजा देने के साथ नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिता की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!