कोल्हान

*23 नवंबर को चाईबासा में होगा कोल्हान प्रमंडलीय जनजातीय गौरव सम्मेलन*

चाईबासा: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के तहत 23 नवंबर को चाईबासा के एसोसिएशन ग्राउंड फुटबॉल मैदान में कोल्हान प्रमंडलीय जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। सम्मेलन में कोल्हान के चारों सांगठनिक जिलों से भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सम्मेलन के प्रमंडलीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भाजपा जिला एवं नगर कमेटी के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर चर्चा हुई।

मधु कोड़ा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश की गौरवशाली विरासत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के योगदान, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान को सम्मान दिया जा रहा है।

सम्मेलन में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, जनजातीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन और मधु कोड़ा शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक और सांसद तथा जिले में निवास करने वाले प्रदेश प्रभारी एवं सदस्य भी आमंत्रित हैं।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जेबी तुबिद, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्र मोहन तिऊ, जिला महामंत्री भूषण पात पिंगुआ, जिला उपाध्यक्ष रंजन प्रसाद और सनी पासवान, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, नगर महामंत्री दिलीप साहू, प्रताप कटिहार, रवि शंकर विश्वकर्मा, सुशील कुमार, अनंत सेयनम, पवन शर्मा, कामेश्वर विश्वकर्मा, हेमंती विश्वकर्मा, जगदीश निषाद, पिंटू प्रसाद और जितेंद्र नाथ ओझा उपस्थित थे।

बैठक में तय किया गया कि चारों सांगठनिक जिलों के वर्तमान एवं पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक और बूथ स्तर के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जनजातीय समुदायों, सामाजिक संगठनों और पारंपरिक प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव और पंचायत स्तर पर संपर्क कर सम्मेलन की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!