*दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, 82 मलेरिया प्रभावित गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट चलाने पर जोर*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद जोबा माझी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य के राजस्व, निबंधन, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा भी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं, विभागीय कार्यों और पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
बैठक में मझगांव विधायक निरल पूर्ति, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव सहित जिले के वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में 82 मलेरिया प्रभावित गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवा प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा पहुंचाने, चिकित्सक और पारामेडिकल कर्मियों की नियुक्ति, एंबुलेंस संचालन तथा रक्त संग्रहण और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। कौशल विकास विभाग को प्रशिक्षण के बाद दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने वाले युवक-युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कल्याण विभाग की समीक्षा में पहले चरण में 141 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में बदलने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। शेष वन ग्रामों में भी चरणबद्ध कार्रवाई करने और पात्र लोगों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वनाधिकार पट्टा देने पर जोर दिया गया। कल्याण विद्यालयों और अस्पतालों का संचालन बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
आपदा प्रबंधन विभाग को प्रभावित परिवारों के मामलों का समय पर निपटारा कर पात्र लोगों को मुआवजा देने तथा पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत स्वस्थ और गुणवत्तापूर्ण पशु वितरित करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को किसानों के खेतों के बीच बिजली के खंभे नहीं लगाने और यथासंभव सड़क या पगडंडी के किनारे खंभे लगाने का निर्देश दिया गया। बिजली से वंचित गांवों और टोलों में विद्युतीकरण का काम जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अवैध अफीम की खेती रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को वैकल्पिक फसलों के बीज देकर पारंपरिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई। जनप्रतिनिधियों से भी अपने क्षेत्रों में अवैध खेती की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।




