*डीएवी स्कूल में इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार पटेल की जयंती पर विशेष प्रार्थना सभा*

चाईबासा: स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन भगत सिंह हाउस की ओर से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से राष्ट्रीय एकता और इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व तथा दृढ़ संकल्प की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखने की अपील की।
शिक्षक आदित्य नारायण पाणिग्रही ने अपने संबोधन में दोनों नेताओं के जीवन, व्यक्तित्व और देश के निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से सीख लेने की बात कही।
इस अवसर पर कक्षा छठी की छात्रा आलिन ने भी अपने विचार रखे। वहीं, कक्षा आठवीं की छात्रा आरुषि मिश्रा ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया।
विद्यालय में आयोजित इस विशेष प्रार्थना सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।




