राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मयूरभंज दौरा फिर स्थगित, रायरंगपुर-बादामपहाड़ रेलवे कार्यक्रमों पर भी लगा विराम
3 से 5 नवंबर तक प्रस्तावित था राष्ट्रपति का तीन दिवसीय दौरा, अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन और बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम भी टला

जमशेदपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओडिशा के मयूरभंज जिले का प्रस्तावित दौरा एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति का 3 नवंबर से 5 नवंबर तक तीन दिवसीय दौरा निर्धारित था। इसकी जानकारी मयूरभंज जिला प्रशासन के अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) ने दी है। हालांकि, दौरा स्थगित होने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। साथ ही राष्ट्रपति के अगले दौरे की नई तारीख की भी घोषणा नहीं की गई है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मयूरभंज जिले में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित था। विशेष रूप से रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर रायरंगपुर, बादामपहाड़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में काफी उत्साह था।
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का होना था उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों रायरंगपुर और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सुविधाओं और पुनर्विकास कार्यों का उद्घाटन प्रस्तावित था। इन स्टेशनों के विकास से क्षेत्र में रेल यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बादामपहाड़ से पुरी के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेन को भी राष्ट्रपति द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना था।
लेकिन राष्ट्रपति का दौरा स्थगित होने के साथ ही ये सभी महत्वपूर्ण रेलवे कार्यक्रम भी फिलहाल टल गए हैं। इससे चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले इन रेलवे कार्यक्रमों की नई तारीख को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
पहले भी 28 अक्टूबर का दौरा हुआ था स्थगित
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 28 अक्टूबर को प्रस्तावित दो दिवसीय रायरंगपुर दौरा चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे को देखते हुए स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रपति के दौरे के लिए 3 से 5 नवंबर की नई तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन अब दूसरी बार कार्यक्रम स्थगित होने से क्षेत्र के लोगों को निराशा हाथ लगी है।
नई तारीख की घोषणा का इंतजार
इधर, मयूरभंज के सांसद नवचरण माझी ने भी राष्ट्रपति के रायरंगपुर दौरे के स्थगित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल राष्ट्रपति के अगले कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। नई तारीख की जानकारी मिलने के बाद ही जिला प्रशासन और रेलवे की ओर से आगे की तैयारियां की जाएंगी।
राष्ट्रपति के दौरे के साथ रायरंगपुर और बादामपहाड़ में प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन तथा बादामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस के परिचालन से जुड़े कार्यक्रमों पर भी फिलहाल विराम लग गया है। अब मयूरभंज सहित झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रपति के अगले दौरे और रेलवे कार्यक्रमों की नई तारीख का इंतजार है।




