कोल्हान

बच्ची की जान बचाने वाले जामुन शेख सम्मानित, सरयू राय ने ₹10 हजार नकद और अंगवस्त्र देकर बढ़ाया हौसला

जमशेदपुर। मानगो स्थित सुवर्णरेखा नदी में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर डूब रही बच्ची की जान बचाने वाले भुइयांडीह छायानगर निवासी जामुन शेख को रविवार को सम्मानित किया गया। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने डीबीएमएस स्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान जामुन शेख को ₹10,000 की नकद राशि एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया।

जामुन शेख ठेला लगाकर हवा मिठाई बेचने का काम करते हैं। घटना के समय उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल नदी में उतरकर डूब रही बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके इस साहस और तत्परता की सराहना करते हुए विधायक सरयू राय ने उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी ने कहा कि जामुन शेख ने जिस साहस और मानवता का परिचय दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि के बावजूद जामुन शेख ने अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना एक मासूम की जिंदगी बचाने का प्रयास किया। ऐसे साहसी लोगों का सम्मान समाज में मानवता, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करता है।

विकास कुमार साहनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सरयू राय तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर बचाई गई बच्ची के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश भी दिए थे।

कार्यक्रम के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने वाले युवा समाजसेवी शुभम राज को भी सम्मानित किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही शुभम राज त्वरित गति से घटनास्थल पर पहुंचे थे और बचाव कार्य में सहयोग किया था। विधायक सरयू राय ने उन्हें भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

विकास कुमार साहनी ने कहा कि संकट की घड़ी में समय पर पहुंचकर मदद करने वाले शुभम राज और अपनी जान जोखिम में डालकर बच्ची की जान बचाने वाले जामुन शेख जैसे लोगों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। साथ ही पर्व-त्योहारों के दौरान घाटों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!