
चाईबासा / गुवा:- बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान स्थित वेल्डन फ्यूचर एकेडमी स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों के लिए विशेष राधा-कृष्ण वेशभूषा एवं रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंग-बिरंगी और आकर्षक पोशाकों में सजे बच्चों ने राधा और कृष्ण के स्वरूप में सभी का मन मोह लिया।
इस दौरान बच्चों ने झांकी सजावट, भजन-कीर्तन, नृत्य, कृष्ण कथा नाटक, दही-हांडी तथा मटकी डेकोरेशन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का आनंदमयी, रंग-बिरंगा और प्रिय पर्व है। इस अवसर पर बच्चों को कहानियों, सज-धज और खेलों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल्यावस्था और उनके जीवन से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश है कि मनुष्य को फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। जीवन की विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और न्याय का साथ देना आवश्यक है।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं।
मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाओं में मनीष पूर्ति, पूनम रवानी, राखी देब महापात्रा, फिरोज खान, नामलेन पूर्ति, दीपा सिंह, खुशबू कुमारी, सोनाली बोस, अजीत गुप्ता, रेखा कुमारी, कंचन साहू, क्रिया हेम्ब्रम, रेशमा कुमारी, पूजा कुमारी, हिना कुमारी, कोमल वर्मा, खुशबू सिन्हा और पूजा साहू सहित अन्य उपस्थित थे।




