
रांची: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मंगलवार को आकांक्षा सोशल एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी एवं डॉ. बी. कुमार क्लीनिक, हरमू, रांची के संयुक्त तत्वावधान में हिनू चौक स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य एवं हृदय जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां एवं कुछ जरूरी जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। शिविर में करीब 35 मरीजों का उपचार किया गया तथा चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार दवाइयां और आवश्यक जांच कराने की सलाह दी। शिविर की विशेषता कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) तकनीक का लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन रहा, जिसमें बताया गया कि CPR कब और किस स्थिति में दिया जाना चाहिए, इसे किस प्रकार किया जाता है तथा आपात स्थिति में मरीज को इससे किस तरह मदद मिल सकती है। शिविर में चिकित्सकीय परामर्श डॉ. बी. कुमार ने दिया, जिन्हें आयोजकों के अनुसार रांची के आर्किड हॉस्पिटल में कंसल्टेंट कार्डियक, डायबिटिक एवं फिजिशियन बताया गया है और हरमू रोड में उनका क्लीनिक भी संचालित है। आयोजन के लिए सोसाइटी के सदस्यों ने डॉ. बी. कुमार एवं उनकी टीम के प्रति आभार जताया और शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर आकांक्षा सोसाइटी के विवेक चांद, सत्यजीत रॉय, अक्षय मिश्रा, सतीश अग्रवाल, कौशिक चांद, शांतनु मुखर्जी, अंशुमन राज, अभिषेक गुप्ता एवं सचिन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में ओल्केयर लेबोरेटरीज, सिंटिगो लाइफसाइंस, इंटास, डॉ. रेड्डीज और अजंता फार्मा सहित कुछ दवा कंपनियों का भी सहयोग रहा।




