मनोहरपुर के संत अगस्तीन कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, हिंदी के महत्व पर दिया जोर
भाषण, कविता और रचना पाठ के साथ छात्राओं ने डांडिया समेत विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की दी मनमोहक प्रस्तुति

मनोहरपुर: संत अगस्तीन कॉलेज, मनोहरपुर में मंगलवार को हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से हिंदी भाषा और साहित्य के महत्व, इसके व्यापक प्रयोग एवं सम्मान को लेकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य विक्रम नाग ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विलोकन सर ने प्रार्थना प्रस्तुत की, जबकि हिंदी विभाग की प्रोफेसर कंचन बारला ने मंगलाचरण किया और उज्ज्वल मैम ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मीनारायण महतो एवं प्रोफेसर प्रमिला ने हिंदी साहित्य के महत्व और हिंदी की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हिंदी रचना पाठ, कविता पाठ एवं हिंदी साहित्य पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। वहीं छात्राओं ने गुजराती डांडिया, राजस्थानी, असमिया और नेपाली सहित विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्रोफेसर कंचन बारला ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य विक्रम नाग ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मौके पर कॉलेज के सभी शिक्षक, सहकर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




