आदित्यपुर में भगत सिंह जयंती पर गूंजा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा, ट्रांसपोर्ट मैदान में शहीद-ए-आजम को किया गया याद
भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के आयोजन में बच्चों को उनके विचारों और संघर्ष से कराया गया परिचित

आदित्यपुर: भगत सिंह जयंती के अवसर पर सोमवार सुबह 6 बजे पथ संख्या-24 स्थित ट्रांसपोर्ट शिव मंदिर वॉलीबॉल प्रांगण में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के बैनर तले किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता समाजसेवी विष्णु देव गिरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए भगत सिंह के विचारों और उनके संघर्ष से जुड़े प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगत सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचार हैं और उनका ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा समाज में मौजूद बुराइयों एवं अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश देता है। उन्होंने भगत सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति को समाप्त किया जा सकता है, लेकिन उसके विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता। स्थानीय अभिभावक स्वरूप फुलेश्वर शाह ने भी कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार ने किया, जिसकी उपस्थित अभिभावकों एवं मुख्य वक्ता विष्णु देव गिरी ने सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में रौनक, बंटी, अंजली, मुस्कान, रिया, शिवम, युवराज, मयंक, कुलदीप और आर्यन सहित अन्य लोगों का योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और उपस्थित लोगों ने भगत सिंह के जीवन, विचारों एवं देश के लिए उनके योगदान को याद किया।




