मनोहरपुर के संकुटोला गांव में संदिग्ध बीमारी से दो महिलाओं की मौत, समान लक्षणों से ग्रामीणों में चिंता
एक ही परिवार की दोनों महिलाओं में तेज शरीर दर्द और गले में तकलीफ की शिकायत, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं

मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा क्षेत्र की लाइलोर पंचायत के संकुटोला गांव में बीते दो दिनों के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं की संदिग्ध बीमारी से मौत का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय गीता किंबो और 32 वर्षीय पदमा किंबो के रूप में हुई है। दोनों की मौत के बाद गांव में मातम के साथ ग्रामीणों में बीमारी को लेकर चिंता का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, गीता किंबो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए राउरकेला स्थित आरजीएच अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई और बताया गया कि मृतका का पोस्टमार्टम भी कराया गया। वहीं, उसी परिवार की दूसरी महिला पदमा किंबो की भी घर पर ही मौत होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों महिलाओं में बीमारी के लगभग समान लक्षण दिखाई दिए थे। बताया गया कि दोनों को अचानक शरीर में तेज दर्द और गले में तकलीफ की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें बोलने में परेशानी होने लगी तथा खाना-पानी निगलने में भी दिक्कत हुई। हालत बिगड़ने पर गीता किंबो को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन राउरकेला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पदमा किंबो की भी शुक्रवार को मौत होने की जानकारी सामने आई है। एक ही परिवार की दो महिलाओं में समान लक्षणों के बाद हुई मौत से ग्रामीणों में बीमारी को लेकर आशंका बढ़ गई है, हालांकि दोनों महिलाओं की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोनों महिलाओं की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने की मांग की है।




