Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
JamshedpurPOTKA

पोटका के 11 करोड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य भवन की गुणवत्ता पर सवाल, उद्घाटन से पहले दीवारों में दरार का आरोप

पोटका। पोटका प्रखंड में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नए सामुदायिक स्वास्थ्य भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं। भाजपा सदस्यों के साथ भवन का निरीक्षण करने पहुंचे स्थानीय भाजपा नेता ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई।

निरीक्षण के दौरान भवन की दीवारों में जगह-जगह दरारें दिखाई देने का दावा किया गया। इसके अलावा निर्माण कार्य में काली ईंट के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। उनका कहना है कि जिस भवन का उद्देश्य पोटका के ग्रामीणों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है, उसके निर्माण की गुणवत्ता पर उद्घाटन से पहले ही सवाल उठना गंभीर विषय है।

मामले को लेकर पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट से भी बातचीत कर निर्माणाधीन भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।

निरीक्षण के बाद मांग की गई कि करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्वास्थ्य भवन की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही भवन निर्माण में इस्तेमाल की गई ईंट, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच हो।

आरोप है कि यदि जांच में निर्माण कार्य में किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

भाजपा नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के पैसों से तैयार हो रहे स्वास्थ्य भवन में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। पोटका की जनता को केवल भवन का उद्घाटन या फोटो खिंचवाने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें मजबूत, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य केंद्र चाहिए।

इस पूरे मामले में निर्माण एजेंसी, संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!