Jamshedpurजमशेदपुर

जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति पर डीसी को 15 सूत्री मांग पत्र, जांच का निर्देश

1140 क्वार्टरों में नियमित, पर्याप्त और शुद्ध पानी की मांग; जर्जर पानी टंकी की मरम्मत कराने का निर्देश

जमशेदपुर: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में निर्धारित समय पर नियमित, पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं श्रवण मिश्रा ने स्थानीय लोगों के साथ उपायुक्त राजीव रंजन को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं की जांच कराने की मांग की गई है।

1.88 करोड़ की लागत से पंप हाउस, फिर भी नियमित जलापूर्ति नहीं

सुनील गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2025 में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बिष्टुपुर में नया फिल्टर पंप हाउस बनाया गया है। इसके बावजूद बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के करीब 1140 क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बागबेड़ा की पानी टंकी के जर्जर होने का भी मुद्दा उठाया।

निर्माण और तकनीकी व्यवस्था की जांच की मांग

15 सूत्री मांग पत्र में नए फिल्टर पंप हाउस के निर्माण से संबंधित स्वीकृति, प्राक्कलन, कार्यादेश, मापी पुस्तिका, भुगतान एवं गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई है।

इसके अलावा मोटर, फुटबॉल्व, पाइपलाइन एवं संप की तकनीकी जांच, संवेदक और संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की जांच तथा पेयजल के नमूनों की अधिकृत प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग रखी गई है।

टंकी की सफाई और प्रशिक्षित ऑपरेटर की मांग

मांग पत्र में पानी टंकी और संप की नियमित सफाई कराने, प्रशिक्षित एवं रात्रिकालीन ऑपरेटर की व्यवस्था करने तथा सुबह-शाम निर्धारित समय पर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। साथ ही ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठक कराने की भी मांग रखी गई।

डीसी ने कार्यपालक अभियंता को दिए निर्देश

उपायुक्त राजीव रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शिव कुमार दिनकर को निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर पानी टंकी को ठीक कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!