
चाईबासा: मतदाता सूची की शुचिता, प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग को लेकर सोमवार को चाईबासा में कांग्रेस ने मार्च निकाला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन से निकला मार्च शहीद पार्क चौक, टैगोर पार्क चौक, सदर थाना चौक, मुख्य मार्ग, पोस्ट ऑफिस चौक, घंटा घर चौक और कोर्ट मार्ग होते हुए पुराना उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। मार्च के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों की समीक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और किसी पात्र नागरिक का नाम हटाने, नया नाम जोड़ने या किसी प्रविष्टि में संशोधन करने से पहले संबंधित नागरिक को पर्याप्त सूचना, आपत्ति दर्ज कराने और अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने SIR के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की सूचना-प्रौद्योगिकी व्यवस्था, आंकड़ा प्रबंधन और केंद्रीकरण से जुड़ी प्रक्रियाओं के स्वतंत्र परीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित सार्वजनिक रूप से उठाए जा रहे आरोपों और सवालों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की। कांग्रेस जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और स्वायत्तता का सम्मान करती है तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने मतदाता सूची में हुए बदलावों की समीक्षा, सार्वजनिक आरोपों की स्वतंत्र जांच, निर्वाचन आयोग की सूचना-प्रौद्योगिकी व्यवस्था के स्वतंत्र परीक्षण तथा प्रत्येक मतदाता को सूचना, आपत्ति और सुनवाई का प्रभावी अधिकार देने की मांग रखी। मार्च में पूर्व विधायक देवेन्द्र नाथ चाम्पिया, प्रदेश सचिव मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, रईस रिजवी छब्बन, राम सिंह सावैयां, संयुक्त सचिव नितिमा बारी, अमित राय, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, कामगार जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, सेवादल मुख्य संगठक लक्ष्मण हासदा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीश गोप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




