चाईबासा के भोया गांव में चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, युवक गंभीर रूप से हुआ था घायल
पाण्ड्राशाली ओपी क्षेत्र में 3 सितंबर की घटना, पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने किया था चाकू से वार

चाईबासा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पाण्ड्राशाली ओपी अंतर्गत भोया गांव में युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वह भोया गांव का निवासी है। मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा बहामन टूटी ने दी।
3 सितंबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को वादी-सह-पीड़ित दिपक बोदरा (26 वर्ष) के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि गणेश इचागुटू ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार कर दिपक बोदरा को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस संबंध में मुफ्फसिल (पाण्ड्राशाली ओपी) थाना कांड संख्या 115/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 115(2), 118(1), 109 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विशेष टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर 2026 को गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है।
मोबाइल पर गाली-गलौज को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि करीब डेढ़ वर्ष पहले गणेश इचागुटू बेंगलुरु में मजदूरी करता था। उस दौरान उसने दिपक बोदरा की पत्नी के मोबाइल फोन पर गाली-गलौज की थी।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को दिपक बोदरा इसी बात को लेकर गणेश इचागुटू के पास गया, जहां दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान कथित रूप से आवेश में आकर गणेश इचागुटू ने दिपक बोदरा पर चाकू से वार कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।




