कोल्हान

*खाद्य सुरक्षा विभाग ने 16 प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, दो को नोटिस* 

चाईबासा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चाईबासा में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यशोदा टॉकीज, सेन टोला, सदर बाजार एवं एसोसिएशन मैदान क्षेत्र स्थित 16 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान मिठाई दुकानों, ठेला-खोमचा, चाउमिन, गुपचुप, केक एवं खुदरा खाद्य दुकानों समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, उत्पादों की एक्सपायरी तिथि तथा लेबलिंग संबंधी प्रावधानों की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। संचालकों से उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाण-पत्र को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान दो खाद्य प्रतिष्ठानों में गंदगी पाए जाने पर अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभाग ने जिले के सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की। संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और उचित लेबलिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।

निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम, दीपक कुमार सिंह एवं अनुपा प्रीति बाड़ा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!