Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

डीसी ऑफिस परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापना को लेकर रूतासाई में बैठक

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत रूतासाई गांव में गुरुवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में चाईबासा स्थित उपायुक्त कार्यालय परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतिमा स्थापना अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो कोल्हान के गौरवशाली इतिहास के महान योद्धा थे। उन्होंने समाज, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान वीर शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए चाईबासा डीसी ऑफिस परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रतिमा महज एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास, संघर्ष, त्याग और शहादत की प्रेरणा का प्रतीक होगी। इसके लिए समाज के सभी वर्गों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध लोगों को एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने की आवश्यकता है।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने प्रतिमा स्थापना अभियान को प्रखंड से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। जनसहयोग के माध्यम से अभियान को मजबूती देने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला कोषाध्यक्ष सत्यव्रत बिरुवा, बागुन अल्डा, विलियम पूर्ति, लाल बिरुवा, नारायण कूदादा, राजा बिरुवा, हरिश बिरुवा, सावन बोदरा, घनश्याम पूर्ति, महाती करोवा, अरुण कुमार देवगम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!