मौसीबाड़ी में चौथे दिन भगवान जगन्नाथ को लगा खिचड़ी-दलमा एवं खीर का भोग

गुवा संवाददाता: गुवा के विवेक नगर स्थित मौसीबाड़ी में रविवार को रथयात्रा महोत्सव के चौथे दिन भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई।
athYatrar
इस अवसर पर गुवा सेल खदान के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूजा के उपरांत मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा को पारंपरिक खिचड़ी, दलमा एवं खीर का भोग अर्पित किया।
भोग अर्पण के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी, दलमा एवं खीर का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रविवार को आयोजित इस विशेष भोग कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार के सौजन्य से किया गया। सुबह से ही मौसीबाड़ी परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा वातावरण भगवान जगन्नाथ के जयघोष एवं भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूजा-अर्चना एवं महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, अनुशासन और सेवा भावना का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे रथयात्रा महोत्सव का उत्साह और अधिक बढ़ गया।




