
चाईबासा: जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में की जा रही जांच और कार्रवाई के बीच सोमवार को चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम से मुलाकात की। बैठक में खाद्य व्यवसायियों की व्यावहारिक समस्याओं, खाद्य सुरक्षा कानून के पालन और जागरूकता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में चेम्बर अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान और विवेक कुमार सिन्हा शामिल रहे।
बैठक के दौरान चेम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून का पालन सभी खाद्य व्यवसायियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन मामलों में गंभीर अनियमितता न हो, वहां विभाग पहले जागरूकता अभियान चलाकर व्यवसायियों को नियमों की जानकारी दे और आवश्यक सुधार का अवसर प्रदान करे। इससे छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारी भी निर्धारित मानकों का बेहतर तरीके से पालन कर सकेंगे।
इस पर जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम ने स्पष्ट किया कि यदि खाद्य व्यवसायी स्वयं नियमों के प्रति सजग और जिम्मेदार रहेंगे तो कार्रवाई की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा सीधे आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
बैठक में सभी होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, बेकरी, फास्ट फूड सेंटर, किराना और डेयरी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही भोजन तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों के लिए ग्लव्स एवं हेयर नेट का उपयोग, रसोई की नियमित सफाई तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग या भंडारण नहीं करने की भी अपील की गई।
चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिले के सभी खाद्य व्यवसायियों से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का पालन करने का आग्रह किया। चेम्बर ने विश्वास जताया कि विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच लगातार संवाद तथा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में खाद्य सुरक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा।




