बड़ाजामदा–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर स्थिति गंभीर, सड़क का आधार कमजोर होने से लोगों में चिंता; तत्काल मरम्मत की मांग

गुवा, संवाददाता। बड़ाजामदा–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित सेंडेेल घाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क की स्थिति गंभीर होती जा रही है। घाटी से नीचे उतरने वाले हिस्से में कई जगह सड़क पर लंबी और गहरी दरारें पड़ गई हैं। सड़क किनारे की मिट्टी लगातार खिसकने के कारण सड़क का आधार भी कमजोर पड़ रहा है।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क किनारे लगाए गए सुरक्षा बैरियर के नीचे की जमीन भी धंसने लगी है। ऐसे में यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा टूटकर बह सकता है। इससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात बाधित होने के साथ किसी भी समय गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बड़ाजामदा–मनोहरपुर मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन भारी मालवाहक वाहनों के अलावा बस, एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत, मजबूत सुरक्षा दीवार और बैरिकेडिंग लगाने तथा चेतावनी संकेतक स्थापित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो सेंडेेल घाटी में सड़क धंसने की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।




