*सारंडा की मुख्य सड़क पर बढ़ा हादसे का खतरा, टूट रहे गार्डवाल*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण सारंडा जंगल से गुजरने वाली मुख्य सड़क की स्थिति खराब होती जा रही है। सैडल गेट से छोटानागरा के बीच घाटी क्षेत्र में सड़क किनारे बने सुरक्षा गार्डवाल जगह-जगह टूटने लगे हैं। टोंटोगडा और झाड़बेड़ा के बीच गार्डवाल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह धराशायी हो चुका है, जबकि कई अन्य स्थानों पर भी गार्डवाल क्षतिग्रस्त होकर गिरने के कगार पर हैं।
लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी का कटाव तेज हो गया है। मिट्टी खिसकने से सड़क के कमजोर होने और आने वाले दिनों में सड़क का हिस्सा खाई में समाने का खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किरीबुरू-बड़ाजामदा से मनोहरपुर के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है।
इसी मार्ग पर कुछ दिन पहले तितलीघाट के समीप मुख्य पुल में बड़ा होल होने की बात सामने आई थी। गार्डवाल टूटने और पुल क्षतिग्रस्त होने से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है और समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आवागमन के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
वहीं, किरीबुरू से बड़ाजामदा तक सड़क के दोनों किनारों पर उगी घनी झाड़ियों के कारण कई मोड़ों पर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का स्पष्ट रूप से दिखाई देना मुश्किल हो रहा है। इससे भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों के बीच दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से सड़क, पुल और गार्डवाल की तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की भी मांग की गई है, ताकि बरसात के दौरान किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।




