पटमदा के ओड़िया मौजा में पत्थर खदान का ग्रामीणों ने किया विरोध, पारंपरिक हथियारों के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचे

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत ओड़िया पंचायत के ग्रामीणों ने मंगलवार को ओड़िया मौजा में प्रस्तावित एवं संचालित पत्थर खदान के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि ओड़िया मौजा के लायाडीह, चिरूडीह और ओड़िया टोला क्षेत्र में खाता संख्या 624 के प्लॉट संख्या 4546 (10 एकड़) एवं प्लॉट संख्या 988 (8 एकड़) के विरुद्ध पिछले लगभग 20 वर्षों से निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और ग्रामीणों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि खदान के आसपास विद्यालय, आवासीय मकान तथा धार्मिक स्थल गौराम थान स्थित हैं। इसके अलावा लायाडीह गांव के बीच से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजरती है, जिससे खनन के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा की अनुमति लिए बिना ही खदान संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार होने वाली ब्लास्टिंग, उड़ती धूल और बढ़ते प्रदूषण से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही कृषि भूमि, पेयजल स्रोत और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए प्रस्तावित पत्थर खदान की स्वीकृति पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन बंद कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




