Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
POTKAकोल्हान

अनियंत्रित ट्रक ने 25 वर्षीय युवक को कुचला, मौके पर मौत; 10 घंटे सड़क जाम

पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के हाता-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर शाह स्पंज कंपनी चौक के समीप रविवार सुबह करीब आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक सुमन मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू गांव का रहने वाला था।

मिली जानकारी के अनुसार, सुमन मंडल पोल्ट्री चिकन पिकअप वैन में खलासी का काम करता था। रविवार सुबह उसने पिकअप वैन को नजदीकी वाशिंग सेंटर में खड़ा किया और नाश्ता करने के लिए होटल गया था। होटल से लौटने के दौरान शाह स्पंज कंपनी से माल अनलोड कर मुख्य सड़क की ओर जा रहे ट्रक संख्या CG15DH/5176 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि ट्रक गलत दिशा में आ गया था। हादसे में ट्रक का अगला पहिया सुमन के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब 10 घंटे तक सड़क जाम रहने से टाटा-हाता, टाटा-चाईबासा और ओडिशा-टाटा मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर पीसी सिन्हा, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा, अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

बाद में शाह स्पंज कंपनी के प्रयास से ट्रांसपोर्ट सप्लायर द्वारा 2.50 लाख रुपये मुआवजा देने पर ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

इधर, हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक प्रेम के साथ मारपीट की और उसे कुछ समय तक अपने कब्जे में रखा। बाद में उसे रिहा कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!