
- खनन विभाग के समन्वय से प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
बहरागोड़ा : ओडिशा सीमा से सटे बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) स्थित कलियाड़िंगा चौक के पास बीती रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान ओडिशा के जामसोला की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक संदेहास्पद हाईवा (WB 29C 3639) को अंतरराज्यीय सीमा में प्रवेश करते ही रोक लिया गया। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा बालू पाया गया। पूछताछ में चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान अथवा माइनिंग विभाग के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।
इसे भी पढ़ें : *जेएसएलपीएस समूह की दीदियों ने लगाया राखी स्टॉल, उपायुक्त ने की खरीदारी*
अवैध खनन के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और अंतरराज्यीय बालू तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। जब्त किए गए हाईवा के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई है तथा खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकी दर्ज करने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से बालू तस्करों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।




