कोल्हान

अजय तेल मिल के संचालक अजय गुप्ता का आकस्मिक निधन, चाईबासा में शोक की लहर

चाईबासा। स्टेशन रोड स्थित अजय तेल मिल के संचालक अजय गुप्ता का सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हृदयाघात के कारण उनकी मृत्यु हुई।

अजय गुप्ता के निधन की खबर फैलते ही चाईबासा शहर में शोक की लहर दौड़ गई। सदर अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर आवास पर लाया गया, जहां बड़ी संख्या में रिश्तेदारों, मित्रों, व्यवसायियों और शहरवासियों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।

अजय गुप्ता स्वर्गीय रामहरी प्रसाद साव के दो पुत्रों में छोटे पुत्र थे। उन्होंने अपने पिता के तेल मिल व्यवसाय को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ाया। इसके अलावा वे लोहे, सीमेंट, छड़ सहित विभिन्न निर्माण सामग्रियों का कारोबार भी संचालित करते थे। अपने मिलनसार व्यवहार और सक्रिय व्यावसायिक भूमिका के कारण व्यापारिक जगत में उनकी अच्छी पहचान थी।

उनके निधन की सूचना मिलने पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से तेल व्यवसाय से जुड़े व्यापारी चाईबासा पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

अजय गुप्ता के बचपन के मित्र एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सह अधिवक्ता हेमन्त कुमार केशरी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अजय गुप्ता मेहनती, सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने अपने पिता के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन से कार्य किया और व्यापारिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका आकस्मिक निधन परिवार, मित्रों और पूरे व्यवसायिक समाज के लिए बड़ी क्षति है।

परिजनों के अनुसार अजय गुप्ता का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 10 बजे चाईबासा स्थित उनके आवास से निकलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!