Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*पाताहातू डैम में डूबे 12 वर्षीय छात्र का शव तीसरे दिन रोरो नदी से बरामद* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा पाताहातू स्थित डैम की तेज धार में डूबे 12 वर्षीय छात्र गणेश सोय का शव रविवार सुबह तीसरे दिन करणी मंदिर घाट के समीप रोरो नदी से बरामद किया गया। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के चलते शुक्रवार से ही उसकी तलाश में परेशानी हो रही थी। रविवार सुबह जलस्तर कुछ कम होने के बाद नदी में शव दिखाई दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया गया।

मृतक की पहचान हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सोसोपी निवासी जमादार सोय के 12 वर्षीय पुत्र गणेश सोय के रूप में हुई है। पिता जमादार सोय ने बताया कि गणेश सुफलसाई में अपनी फूफू के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह चाईबासा स्थित संत जेवियर स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।

जानकारी के अनुसार, गणेश शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब नौ बजे परिजनों को जानकारी मिली कि गणेश पाताहातू डैम के नीचे रोरो नदी के तेज बहाव में डूब गया है। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा नदी में उसकी तलाश शुरू की गई।

घटनास्थल के पास गणेश के नहाने के लिए खोले गए कपड़े, साइकिल और स्कूल बैग बरामद हुए थे। शुक्रवार रात से शनिवार तक पुलिस और परिजन नदी में उसकी तलाश करते रहे। डैम के नीचे तेज बहाव, चट्टानों और लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे तलाशी अभियान में काफी परेशानी हुई।

आशंका जताई जा रही थी कि तेज बहाव में बहकर गणेश का शव नदी के दूसरे हिस्से में चला गया होगा। रविवार सुबह जलस्तर कम होने के बाद करणी मंदिर घाट के समीप शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद गणेश के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पिता जमादार सोय ने पुत्र के लापता होने की लिखित सूचना मुफस्सिल थाना में दी थी। घटना से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!