कोल्हान

*पेट्रोल-डीजल से लदा टैंकर पलटा, सड़क पर बहने लगा ईंधन, ग्रामीणों की जुटी भीड़* 

चाईबासा: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एन एच 75 ई चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातु गांव से आगे शनिवार को करीब ढाई से तीन बजे के बीच पेट्रोल और डीजल से लदा इंडियन ऑयल का टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल और डीजल सड़क पर बहने लगा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ लोग सड़क पर बह रहे ईंधन को बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तनों में भरकर ले जाने लगे।

टैंकर चालक रवींद्र राम ने बताया कि वह खूंटी से पेट्रोल और डीजल लेकर चाईबासा से करीब 10 किलोमीटर आगे स्थित एक पेट्रोल पंप में ईंधन पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बड़ा डंपर आया। डंपर को देखकर टैंकर पर से उनका नियंत्रण हट गया और टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से पेट्रोल-डीजल का रिसाव शुरू हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल, अग्निशमन वाहन और दो क्रेन के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि टैंकर पलटने के बाद सड़क पर ईंधन फैल गया था और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए थे। कुछ ग्रामीण पेट्रोल-डीजल को बर्तनों में भरकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल उन्हें रोका और घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर हटाया।

विनोद कुमार ने बताया कि पेट्रोल और डीजल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ हैं। ऐसे में घटनास्थल पर किसी प्रकार की चिंगारी या आग लगने से बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। पुलिस ने लोगों की आवाजाही नियंत्रित करते हुए टैंकर और सड़क पर फैले ईंधन से दूर रहने की अपील की।

मुखिया ने ग्रामीणों को हटाया

बड़ा गुंटिया पंचायत के मुखिया हरिचरण हेंब्रम भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर कराया। हरिचरण हेंब्रम ने बताया कि घटना करीब 2:45 बजे के आसपास हुई। उनके अनुसार चाईबासा की ओर से आ रही टेलर और खूंटी-चक्रधरपुर की ओर से चाईबासा की तरफ जा रहे टैंकर के बीच स्थिति बनी। सामने वाहन को देखकर टैंकर चालक घबरा गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

मुखिया ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सबसे पहले मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। उन्होंने थाना प्रभारी विनोद कुमार और पुलिस कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस समय पर टेलर और दमकल वाहन के साथ पहुंची, जिससे सड़क को जल्द खाली कराने में मदद मिली और आवागमन सुचारू हो सका।

हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से संभावित बड़ी आगजनी की घटना टल गई। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुफस्सिल थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं दो क्रेन की मदद से पलटे टैंकर को सड़क से हटाने और ईंधन के रिसाव को नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!