Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

राजकीय बालिका उच्च विद्यालय में सामूहिक जन्मोत्सव, छात्राओं को सरकारी योजनाओं और मतदाता पंजीकरण की दी गई जानकारी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित राजकीय बालिका उच्च विद्यालय में गुरुवार को तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में अगस्त माह में जन्मदिन मनाने वाली छात्राओं को मंच पर बुलाकर सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी छात्राओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक जन्मोत्सव से छात्राओं में आपसी सहयोग, अपनापन और सकारात्मक वातावरण विकसित होता है।

उपायुक्त ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, पसंदीदा विषय, भविष्य के लक्ष्य और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत माध्यम शिक्षा है। छात्राएं अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, उन्हें विद्यालय से जोड़े रखना और उनके समग्र विकास में सहयोग प्रदान करना है। पात्र छात्राओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती ने योजना की पात्रता और लाभ के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से योजना के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाली छात्राओं को मतदाता बनने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से छात्राओं को मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक अधिकारों की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने विशेष रूप से उन छात्राओं से संवाद किया, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रही हैं। उन्होंने पात्र छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने ईएलसी के माध्यम से छात्राओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से संबंधित जानकारी दी।

शिक्षा के साथ अधिकारों और जिम्मेदारियों की समझ जरूरी : उपायुक्त

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र है। छात्राओं को पढ़ाई के साथ अपने अधिकारों, कर्तव्यों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी रखनी चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में शिक्षक-शिक्षिकाओं और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से संवाद करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता जिले की बालिकाओं को शिक्षा और विकास के सभी आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!