रूंगटा गार्डन में मारवाड़ी महिला समिति का हरियाली सावन तीज समारोह, महिलाओं ने उत्साह से मनाया पर्व

चाईबासा। अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के अंतर्गत चाईबासा मारवाड़ी महिला समिति की ओर से बुधवार को रूंगटा गार्डन में हरियाली सावन तीज (सिंधारा) समारोह का आयोजन किया गया। हरियाली से सजे परिसर में आयोजित इस समारोह में समिति की करीब 100 से 125 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के दौरान महिलाओं ने भजन प्रतियोगिता, रैंप वॉक, एक मिनट के खेल सहित कई मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। अधिकांश महिलाएं हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं। वहीं कुछ सदस्य रंग-बिरंगे और इंद्रधनुषी परिधानों में भी नजर आईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सावन क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। इसके अलावा हरे रंग के परिधान को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। समिति की सदस्य सोनी का जन्मदिन भी समारोह के दौरान मनाया गया, जहां सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन निकिता गोयल ने किया।
समिति की अध्यक्ष संगीता मुंधडा ने कहा कि सावन भारतीय संस्कृति में उत्साह, प्रेम, हरियाली, भक्ति और उमंग का प्रतीक है। तीज का पर्व महिलाओं के लिए आस्था, आनंद और सामाजिक मेलजोल का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सावन की हरियाली हमें प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देती है। पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि त्योहार केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि परिवार और समाज को जोड़ने, परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। सावन तीज भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का सुंदर प्रतीक है। समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ पर्व का आनंद लिया।




