Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : गोलमुरी की बदहाल यातायात व्यवस्था पर 48 घंटे का अल्टीमेटम

सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों, गड्ढों और बढ़ती दुर्घटनाओं पर जताई चिंता; प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

  • मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल करेंगे अप्पू तिवारी
  • कार्रवाई नहीं हुई तो शुरू होगा भूख हड़ताल आंदोलन

जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन और यातायात विभाग के समक्ष कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े बड़े वाहनों के कारण सड़क की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है, जिससे आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। अप्पू तिवारी ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक, पैदल यात्री और स्थानीय निवासी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : लगातार बारिश से मनोहरपुर में कच्चे मकान ध्वस्त, रायकेरा के तीन परिवार बेघर

अव्यवस्थित पार्किंग से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा

अप्पू तिवारी ने कहा कि रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के खड़े भारी वाहनों के कारण स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन को कई बार शिकायत और सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित स्तर की कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद यदि प्रशासन सक्रिय नहीं होता है तो यह आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में बिजली बिल ‘अर्बन’ और गैस सिलेंडर ‘ग्रामीण’ नियम से उपभोक्ता परेशान

सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग

उन्होंने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें गोलमुरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाना, नो-पार्किंग जोन को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करना तथा बड़े वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल की व्यवस्था करना शामिल है। इसके साथ ही सड़क पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है। उन्होंने पीक आवर के दौरान विशेष यातायात निगरानी और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नियमित चालान एवं टोइंग कार्रवाई की भी आवश्यकता बताई।

इसे भी पढ़ें : Gua : भारी बारिश में गरीब आदिवासी परिवार का कच्चा मकान ढहा, परिवार के सामने आवास का संकट

यातायात सुधार को लेकर प्रशासन के सामने रखीं कई मांगें

अप्पू तिवारी ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर गोलमुरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुधारने, अव्यवस्थित पार्किंग हटाने और सड़कों की मरम्मत को लेकर प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो वे 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से समय रहते कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि लापरवाही के कारण किसी निर्दोष नागरिक की जान नहीं जानी चाहिए और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!