कोल्हान

*ईचा डैम विस्थापितों की जमीन वापसी के लिए आंदोलन करेगा संघ : बिर सिंह बिरुली*

चाईबासा: ईचा डैम से विस्थापित परिवारों की जमीन वापस दिलाने के लिए ईचा खरकई बांध विरोधी संघ कोल्हान अब झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में आंदोलन करेगा। संघ के अध्यक्ष बिर सिंह बिरुली ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डैम के कारण जिन लोगों को अपनी जमीन और घर छोड़ने पड़े हैं, उनके अधिकारों की लड़ाई संघ मजबूती से लड़ेगा। विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाना और उनकी जमीन वापस कराना संघ का मुख्य उद्देश्य है।

बिर सिंह बिरुली ने बताया कि संघ की ओर से झारखंड हाई कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ी गई थी। न्यायालय के आदेश के आलोक में ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में वीजी-जी राम जी यानी विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) की गारंटी मद से विकास कार्य कराने की सहमति मिली है। तिरींग प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी बुधवार को इसकी सहमति प्रदान कर दी। इससे विस्थापित क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। इस खबर से सीमावर्ती क्षेत्रों के विस्थापित परिवारों में खुशी है।

बिरुली ने कहा कि ईचा डैम से प्रभावित लोगों के साथ लंबे समय से अन्याय हुआ है। अब कानूनी फैसलों और संवैधानिक अधिकारों के आधार पर उनकी जमीन वापसी की मांग को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में झारखंड जनजातीय परामर्शदात्री परिषद ने चंपई सोरेन की अध्यक्षता में ईचा डैम को रद्द करने का प्रस्ताव पारित किया था।

उन्होंने 18 नवंबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के उस फैसले का भी उल्लेख किया, जिसमें ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के अनुसूचित क्षेत्र में डालमिया सीमेंट की खनन परियोजना के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण को निरस्त कर दिया गया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 41(3) के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में जमीन अधिग्रहण से पहले ग्रामसभा की सहमति जरूरी है।

बिरुली ने कहा कि *Bibol Toppo & Ors. v. State of Odisha & Ors.* मामले में आए फैसले को आधार बनाकर संघ ओडिशा के सीमावर्ती डैम प्रभावित और विस्थापित क्षेत्रों में जमीन वापसी के लिए आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को उनका हक दिलाने तक संघ का संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!