
चाईबासा। प्रकाश गुप्ता:सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत मालुका पंचायत के जिंतुगाड़ा बान्दासाई में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से उनका स्वागत बुके देकर किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि सोनाराम सिंकु के अलावा विशिष्ट अतिथि जगदीश सिंकु और अभिषेक सिंकु तथा सम्मानित अतिथि समाजसेवी विजय गुप्ता और जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टींकू दास ने खिलाड़ियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया। प्रतियोगिता में सामान्य वर्ग के साथ 40 प्लस आयु वर्ग की टीमों ने भी हिस्सा लिया।
40 प्लस वर्ग में सोना एफसी विजेता
40 प्लस वर्ग में सोना एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को खस्सी और 2 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं सिंकु स्पोर्टिंग टीम उपविजेता रही, जिसे खस्सी और 1 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्य वर्ग में जगन्नाथपुर एफसी ने मारी बाजी
मुख्य वर्ग में जगन्नाथपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 35 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और फुटबॉल देकर सम्मानित किया गया। दिपांशु स्पोर्टिंग क्लब लखीपाई की टीम उपविजेता रही। उसे 25 हजार रुपये नकद, खस्सी, जर्सी और फुटबॉल प्रदान किया गया।
तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15 हजार रुपये नकद, खस्सी और फुटबॉल, जबकि चौथे स्थान की टीम को 10 हजार रुपये नकद, खस्सी और फुटबॉल पुरस्कार दिया गया।
ग्रामीण युवाओं के लिए खेल बेहतर मंच : सोनाराम सिंकु
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर देती हैं। फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष मुंडा सोमनाथ सिंकु, सुरेश सिंकु, सनातन सिंकू और किशन सिंकु की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी विपिन सिंकु, विपिन लागुरी, मथुरा लागूरी, मोहम्मद जावेद, संतोष नाग मुंडा, रंजन गोप, हरीश पान, सरफराज आलम, शमशाद आलम, रंजीत गगराई और रोशन पान सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।




