Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

पश्चिमी सिंहभूम का नक्सलवाद से मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि: त्रिशानु राय

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: पश्चिमी सिंहभूम जिले को नक्सलवाद से मुक्त किए जाने की जिला पुलिस की घोषणा के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह महासचिव त्रिशानु राय ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक से नक्सलवाद की चुनौती से जूझ रहे पश्चिमी सिंहभूम के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण दिन है।

त्रिशानु राय ने इस उपलब्धि का श्रेय जिला पुलिस, झारखंड पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और प्रशासन के लगातार प्रयासों को देते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में सुरक्षा बलों के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अपना योगदान दिया है। उन्होंने इस संघर्ष में शहीद हुए जवानों के बलिदान को सम्मानपूर्वक याद करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा केवल सुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि नहीं है, बल्कि इससे पश्चिमी सिंहभूम में शांति, लोकतंत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के नए अवसर खुल सकते हैं। लंबे समय से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में अब भयमुक्त वातावरण बनने की उम्मीद बढ़ी है।

त्रिशानु राय ने कहा कि अब सरकार और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की गति को तेज करना होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंटरनेट और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना स्थायी शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम की पहचान अब नक्सलवाद के बजाय शांति, प्राकृतिक संपदा, आदिवासी संस्कृति, खेल प्रतिभा और विकास के लिए होनी चाहिए। उन्होंने नक्सलवाद के बाद जिले में निवेश, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बताई।

त्रिशानु राय ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की घोषणा पश्चिमी सिंहभूम के लिए एक नए संकल्प का अवसर है। अब जिले को भय नहीं, बल्कि शांति, विश्वास और विकास के नाम से पहचाना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्थायी शांति और समावेशी विकास के लिए हर सकारात्मक प्रयास का समर्थन करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!