किरीबुरू के गाड़ा हाटिंग में गहराया पेयजल संकट, 300 परिवार दो घंटे की जलापूर्ति पर निर्भर

गुवा संवाददाता। किरीबुरू थाना क्षेत्र के गाड़ा हाटिंग बस्ती में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। बस्ती में करीब 300 परिवार निवास करते हैं, लेकिन सभी परिवारों के लिए सेल प्रबंधन की ओर से महज एक पानी सप्लाई पाइपलाइन की व्यवस्था की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पाइपलाइन से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक केवल दो घंटे पानी की आपूर्ति होती है। सीमित समय में बड़ी संख्या में परिवारों को पानी भरने में परेशानी होती है और कई घरों की जरूरत पूरी नहीं हो पाती।
पानी भरने के दौरान महिलाओं ने बताया कि जलापूर्ति का समय बेहद कम होने के कारण रोजाना पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से बस्ती में हाहाकार जैसी स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सेल प्रबंधन से अतिरिक्त पानी सप्लाई पाइपलाइन की मांग कर रहे हैं, ताकि बस्ती के सभी परिवारों को पर्याप्त पेयजल मिल सके। इसके अलावा प्रशासन को भी कई बार आवेदन देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने सेल प्रबंधन और जिला प्रशासन से तत्काल अतिरिक्त जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने तथा गाड़ा हाटिंग बस्ती की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।




