Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर मोदी सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं : बड़कुंवर गागराई

कुमारडुंगी: भारतीय जनता पार्टी के कुमारडुंगी पूर्वी एवं पश्चिमी भाग मंडलों की मासिक बैठक शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की गई। पूर्वी भाग मंडल की बैठक कुमारडुंगी स्थित भाजपा कार्यालय में, जबकि पश्चिमी भाग मंडल की बैठक ग्राम दिकुबालकांड स्थित कौशल विकास केंद्र में संपन्न हुई। दोनों बैठकों में भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पूर्वी भाग मंडल की बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु ने की। इस दौरान मंडल प्रभारी एवं भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाठ पिंगुवा मौजूद रहे। वहीं पश्चिमी भाग मंडल की बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सूर्यकांत लागुरी ने की, जबकि मंडल प्रभारी वंशीधर प्रधान उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावी होगा।

गागराई ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच सक्रिय रहना होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि नियमित जनसंपर्क, सेवा कार्यों और बूथ स्तर पर सक्रियता से आती है। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक पंचायत और बूथ पर लोगों से संवाद स्थापित कर संगठन का विस्तार करना चाहिए।

बैठकों में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत प्रभारियों, संयोजकों एवं सह-संयोजकों को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा शक्ति केंद्रों पर संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्ति, हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठकों में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!