Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

चाईबासा में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 4 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के नवगठित सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया। इसी क्रम में बूथ संख्या-105 स्थित श्री मारवाड़ी हिन्दी मध्य विद्यालय मतदान केंद्र पर भी मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस दौरान बीएलओ मनीषा दास मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में बीएलए-2 त्रिशानु राय ने मतदाता सूची का अवलोकन करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार से जुड़ी है, इसलिए सभी मतदाताओं को अपने नाम, पता और अन्य विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वा सकते हैं। यदि किसी मतदाता को किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करानी है तो फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है, जबकि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

त्रिशानु राय ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, ताकि आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में सभी पात्र मतदाता निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह बीएलओ स्वयंसेवक निर्मल चंद्र त्रिपाठी, बीएलओ पर्यवेक्षक राकेश कुमार सिंह, स्थानीय निवासी धीरज अग्रवाल, नितीन अग्रवाल, शिक्षक अरुण प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक जहाँगीर आलम सहित कई लोग उपस्थित रहे। यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!