सेल की पहल: स्थानीय युवाओं के लिए मुफ्त आईटीआई प्रशिक्षण, 10 अगस्त तक करें आवेदन

चाईबासा: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के केंद्रीय खनन एवं लॉजिस्टिक्स संगठन (सीएमएलओ), किरीबुरू लौह अयस्क खदान प्रबंधन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत स्थानीय युवाओं के लिए दो वर्षीय प्रायोजित आईटीआई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी शिक्षा देकर रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।

इस योजना का लाभ नोवामुंडी प्रखंड की किरीबुरू पश्चिमी, किरीबुरू पूर्वी, मेघाहातुबुरू उत्तरी और मेघाहातुबुरू दक्षिणी पंचायतों के युवाओं को मिलेगा। साथ ही ओडिशा के जोड़ा प्रखंड की बोलानी पंचायत के पचेरी, बेसकैंप और हिलटॉप क्षेत्र के पात्र अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
आईटीआई प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी, जिसमें 10वीं के अंक, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के प्रदर्शन को आधार बनाया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र किरण स्वरोजगार केंद्र (सीएसआर केंद्र), किरीबुरू तथा सारंडा सुवन छात्रावास, किरीबुरू से प्राप्त किए जा सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र भी निर्धारित तिथि तक सारंडा सुवन छात्रावास में जमा करने होंगे।
आवेदन के साथ 10वीं की अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, 12वीं की अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र (यदि उत्तीर्ण हों), एसएलसी/सीएलसी, चरित्र प्रमाणपत्र, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाणपत्र अथवा राशन कार्ड, आधार कार्ड की प्रति, पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो तथा स्थानीय मुखिया या मुंडा द्वारा प्रमाणित स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उप प्रबंधक (सीएसआर) बी. बासा ने पात्र युवक-युवतियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।




