सरायकेला : रथ यात्रा पर पुलिस का सुरक्षा कवच, एसपी ने खुद संभाली कमान, रूट निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश…

सरायकेला / Balram Panda: आगामी रथ यात्रा महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं, गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने रथ यात्रा मार्ग का विस्तृत भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया, पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि रथ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय पर सुनिश्चित किए जाएं.

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर निगरानी, प्रभावी यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, साथ ही रूट पर नियमित गश्त, त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने को कहा गया.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात को सुचारु बनाए रखना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए.




