
चाईबासा : झारखंड सरकार द्वारा समाहरणालय संवर्ग के विभिन्न पदों के नाम में बदलाव किए जाने के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार निम्नवर्गीय लिपिक का पदनाम अब ‘सहायक’, उच्च वर्गीय लिपिक का पदनाम ‘वरीय सहायक’ तथा प्रधान लिपिक का पदनाम ‘सहायक प्रशासी पदाधिकारी’ कर दिया गया है। लंबे समय से कर्मचारी संगठन इन पदों के नाम में परिवर्तन की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना है कि नए पदनाम उनके कार्य, जिम्मेदारी और प्रशासनिक भूमिका के अनुरूप अधिक सम्मानजनक पहचान प्रदान करेंगे। इस निर्णय को कर्मचारियों ने ऐतिहासिक बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। पदनाम परिवर्तन से कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Goilkera : गोइलकेरा में छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक जगत माझी ने शिक्षा को बताया सफलता की कुंजी
उपायुक्त ने कर्मचारियों को दी बधाई, जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का दिया संदेश
अधिसूचना जारी होने के बाद समाहरणालय संवर्ग कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों ने पदनाम परिवर्तन को लेकर अपनी खुशी जाहिर की और सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए मिठाई खिलाई तथा नए पदनाम के साथ और अधिक निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सफलता कर्मचारियों की कार्यशैली और जनसेवा की भावना पर निर्भर करती है। उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों से आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा जिले के विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की। कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि पदनाम में बदलाव से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे पहले से अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।




