Manoharpur : मनोहरपुर में इंग्लिश वाइन शॉप पर हंगामा, बोतलों से हमले में दो लोग घायल
ग्राहक और वाइन सेलर के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने शुरू की जांच

- शराब को लेकर हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला
मनोहरपुर : मनोहरपुर के पुराना लकड़ी डिपो के समीप स्थित एक इंग्लिश वाइन शॉप में रविवार को शराब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर ग्राहक और वाइन सेलर के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर वाइन की बोतलों से हमला कर दिया। घटना में ग्राहक बबलू महतो के माथे पर गंभीर चोट लगी, जबकि वाइन सेलर रिंटू कुमार के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान दुकान के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : मझगांव विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने किया क्षेत्र भ्रमण, विकास योजनाओं की ली समीक्षा
घायलों का इलाज जारी, प्राथमिकी का इंतजार
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर स्थिति की जानकारी जुटाई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।




