कोबरा सांप के काटने से युवक घायल, एंटी वेनम से बची जान

पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में शनिवार रात को कोबरा सांप के काटने से 40 वर्षीय कृष्णा होनहागा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णा होनहागा नशे की हालत में कोबरा सांप को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने उनके हाथ और पैर में काट लिया। घटना के बाद गांव के युवा बागुन होनहागा ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासाहातु पहुंचाया।
बासाहातु स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो ने घायल की गंभीर स्थिति और ऑक्सीजन सुविधा के अभाव को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें एंटी वेनम डोज दिया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रात में मच्छरदानी लगाकर सोएं, अंधेरे में टॉर्च का उपयोग करें तथा सांप काटने की स्थिति में ओझा-गुनी के चक्कर में समय बर्बाद न कर तत्काल अस्पताल पहुंचें। उन्होंने यह भी कहा कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या छेड़छाड़ करने के बजाय विशेषज्ञों की सहायता लेनी चाहिए। सावधानी और समय पर उपचार से सर्पदंश से होने वाले गंभीर खतरों को काफी हद तक कम किया जा सकता है




