*रास पूर्णिमा मेले में बेनीसागर पहुंचे पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की*

चाईबासा: रास पूर्णिमा मेला के अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं मझगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बड़कुंवर गागराई मझगांव प्रखंड के बेनीसागर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों और झारखंड के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि रास पूर्णिमा का पर्व हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमारी पहचान हैं। नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्हें अपनी संस्कृति, इतिहास और सामाजिक मूल्यों को समझने के साथ शिक्षा, अनुशासन और मेहनत को जीवन का आधार बनाना चाहिए। युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहकर समाज के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए युवाओं को आगे आकर शिक्षा, सामाजिक एकता और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देना होगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि धार्मिक मेलों का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजन सामाजिक मेल-मिलाप और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक राजकिशोर गोप, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पीतांबर राउत, विजय सिंह पिंगुवा, विनय दास, दामुराम पाट पिंगुवा, दुनिया कुम्हार, उग्रेशन खंडाईत, दीपक पोद्दार, विटु पोद्दार, दीपेश कारवा और मंत्री दास सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रास पूर्णिमा मेले में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।




