कोल्हान

गोलमुरी जॉगर्स पार्क में काली पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न, गिटार के आकार में बनेगा भव्य पंडाल

जमशेदपुर। गोलमुरी जॉगर्स पार्क स्थित श्री श्री काली पूजा समिति, नव युवक चेतना मंच की ओर से आगामी काली पूजा के भव्य आयोजन को लेकर पूजा पंडाल का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंडित राकेश पाण्डेय ने वैदिक मंत्रों के बीच पूजा-अर्चना कर मां काली के आगमन और पूजा के सफल आयोजन की कामना की। वहीं, गोलमुरी मंडल भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी विधिवत पूजा-अर्चना कर मां काली की आराधना की।

समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि नव युवक चेतना मंच की ओर से प्रत्येक वर्ष श्रद्धा, भक्ति और कलात्मकता के अनूठे संगम के साथ मां काली की पूजा आयोजित की जाती है। पूजा पंडाल की भव्यता और आकर्षक सजावट के कारण समिति ने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को कुछ नया और अनोखा देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार पूजा पंडाल को गिटार के आकर्षक स्वरूप में तैयार किया जाएगा। अपनी अनूठी कलाकृति के कारण यह पंडाल शहरवासियों और श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। पंडाल की भव्य सजावट के साथ मां काली की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

दो दिनों तक होगा महाप्रसाद वितरण

समिति के मुख्य संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से लगातार दो दिनों तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक भक्तों को मां काली का प्रसाद ग्रहण करने का अवसर प्रदान करना है।

मातृशक्ति के हाथों होगा पंडाल का उद्घाटन

इस वर्ष पूजा पंडाल का उद्घाटन भी सामाजिक सम्मान और सेवा भावना को समर्पित रहेगा। समिति ने निर्णय लिया है कि उद्घाटन समारोह में समिति के सदस्यों के परिवारों की मातृशक्ति के साथ वृद्धाश्रम में रहने वाली माताओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा और उनके हाथों पंडाल का उद्घाटन कराया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं भी समारोह में शामिल होंगी।

समिति के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में सम्मान, सेवा, समरसता और मातृशक्ति के प्रति आदर का संदेश देना है।

श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचने की अपील

श्री श्री काली पूजा समिति ने शहरवासियों और सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल में पहुंचकर मां काली के दर्शन करने तथा इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में चन्द्र केत सिंह, उमेश प्रसाद, मनीष मिश्रा, दिलीप केशरी, शंभू सिंह, आनंद मिश्रा, बिनोद सिंह, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिथिलेश कुमार, दिलीप प्रमाणिक, मुकेश सिंह, अनिल चौरसिया, नीरज मिश्रा, सुनील सिंह यादव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिनोद कुमार, राजीव श्रीवास्तव और अशोक राय समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!